रायपुर, 16 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रमजान की इफ्तारी लेने जा रहे युवकों पर सोमवार शाम मौदहापारा इलाके में चाकू से हमला किया गया है। सोमवार शाम को मौदहापारा इलाके में ‘रक्सेल गैंग’ के सदस्यों ने बाइक सवार 2 युवकों पर चाकू से हमला किया। जिससे वे घायल हो गए।

इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में मौदहापारा निवासी मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली शामिल है।
घायलों ने बताया कि रवि रक्सेल, अभय और हर्ष ने विवाद किया, फिर चाकू मार दिया। पुलिस ने इस घटना के संबंध में मुख्य आरोपितों को हिरासत में लिया है। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रवि रक्सेल, अभय, और हर्ष को मुख्य हमलावरों के रूप में चिन्हित किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा सहित 3 थानों की फोर्स (आजाद चौक, सरस्वती नगर और अन्य) तैनात कर दी गई है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
मौदहापारा थाना में वारदात के बाद हमले में घायल और उनके समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। दूसरी तरफ गैंग से जुड़े लोग तलवार लेकर भी पहुंचे और एक दूसरे पर पत्थरबाजी की। मरही माता मंदिर के सामने रक्सेल गैंग के लोग डंडा लेकर खड़े थे। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है ।
चाकूबाजी की सूचना मिलते ही मौदहापारा इलाके के मुस्लिम समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बताया जा रहा है दोनों पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
