मीरजापुर, 14 मार्च (हि.स.)। बरौधा कचार चौराहा स्थित पं. रामचंद्र शुक्ल पार्क के सामने शनिवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजन वर्मा गोंड ने किया।

कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पश्चिम बंगाल में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्य सरकार की ओर से प्रोटोकॉल के तहत स्वागत नहीं किया गया, जिससे आदिवासी व जनजातीय समाज अपने को अपमानित और उपेक्षित महसूस कर रहा है। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रपति देश की प्रथम नागरिक हैं और उनका अपमान पूरे जनजातीय समाज का अपमान है।
जिलाध्यक्ष राजन वर्मा गोंड ने कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए निर्धारित स्थल पर भी अनुमति नहीं दी गई, जिससे समाज में नाराजगी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार से राष्ट्रपति से माफी मांगने की मांग की।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष कृपाशंकर गोंड, जिलामंत्री रमाशंकर गोंड, रामगोपाल गोंड, अजय कुमार गोंड, दिनेश गोंड, संतोष गोंड, संतोष कुमार, छोटेलाल गोंड, अर्जुन गोंड, राजू गोंड, संजय गोंड, सज्जन गोंड, अनिल गोंड, करन गोंड, अलगू गोंड, जगदीश गोंड, जटाशंकर गोंड सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
