
अयोध्या, 30 जनवरी (हि.स.)। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे I इस अवसर पर उन्होंने राम मंदिर निर्माण से जुड़े अहम अपडेट मीडिया से साझा किए। उन्होंने बताया कि 19 मार्च को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या दौरे की अनौपचारिक सहमति मिली है। 19 मार्च को हिंदू नव वर्ष के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति राम मंदिर परिसर में लगभग 400 श्रमिकों को सम्मानित करेंगी।

केंद्रीय संस्कृति विश्वविद्यालय, दिल्ली ने 400 वर्ष पुरानी वाल्मीकि रामायण सौंपी। यह प्राचीन रामायण ट्रस्ट महासचिव चंपत राय को दी गई। बाल्मीकि रामायण अब राम मंदिर परिसर पहुंच चुकी है। कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य ने राम यंत्र स्तोत्र सौंपा। राम यंत्र स्तोत्र भी राम मंदिर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि पवित्र ग्रंथों और धरोहरों को गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा। प्राचीन रामायणों के चयन के लिए एक विशेष समिति बनाई जाएगी। राम मंदिर ट्रस्ट इसके लिए जल्द सार्वजनिक विज्ञापन जारी करेगा। रामलला के अस्थायी मंदिर को मेमोरियल के रूप में फरवरी के अंत तक तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राम मंदिर आंदोलन के शहीदों का स्मारक मार्च तक पूर्ण होगा, जबकि अप्रैल के अंत तक एलएंडटी और टीसीएस अपना कार्य पूरा कर लौट जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय
