-खेल मंत्री ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर दिए निर्देश

देहरादून, 2 फरवरी (हि.स.)। राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दिए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को मुख्य सचिव को पत्र लिखा है।
आज कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन अत्यंत शानदार रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों में पदकों का शतक पूरा किया।
खेल मंत्री ने बताया कि पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार राशि पहले ही दी जा चुकी है, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी की प्रक्रिया में देरी हुई है। उन्होंने इस देरी को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए हैं।
रेखा आर्या ने बताया कि उन्होंने मुख्य सचिव को लिखे पत्र में कहा है कि पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने के लिए 242 अधिसंख्य पदों का सृजन खेल विभाग में ही किया जाना चाहिए, क्योंकि पूर्व में अन्य विभागों में खिलाड़ियों को नियुक्त करने के अनुभव संतोषजनक नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उनके अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए उचित अवसर और सुविधाएं मिलना आवश्यक है। इसके साथ ही पत्र में यह भी कहा गया है कि प्रदेश में संचालित की जा रही 23 खेल अकादमियों के संचालन के लिए आवश्यक 544 पदों का सृजन भी शीघ्र किया जाए, ताकि खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
