भराड़ीसैंण, 10 मार्च (हि. स.)। उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण स्थित बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में प्रस्तुत किया गया। सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति दर्ज की है, हालांकि समग्र आर्थिक विकास दर के मामले में राज्य पिछले दो वर्षों से राष्ट्रीय औसत को नहीं छू पाया है।

रिपोर्ट के अनुसार देश की अर्थव्यवस्था ने वर्ष 2024-25 में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जबकि वर्ष 2025-26 में विकास दर 7.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसके मुकाबले उत्तराखंड ने वर्ष 2024-25 में 6.4 प्रतिशत की वृद्धि की तथा वर्ष 2025-26 में 7.23 प्रतिशत की दर से विकास दर्ज किया। इस प्रकार समग्र विकास दर में प्रदेश राष्ट्रीय औसत से मामूली रूप से पीछे रहा।
हालांकि प्रति व्यक्ति आय के मामले में उत्तराखंड राष्ट्रीय औसत से आगे रहा। देश में प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2024-25 में 2,05,324 रुपये रही, जो 2025-26 में 6.9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ बढ़कर 2,19,575 रुपये हो गई। वहीं उत्तराखंड में प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2024-25 में 2,50,735 रुपये थी, जो 2025-26 में 9.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ बढ़कर 2,73,921 रुपये हो गई।
गौरतलब है कि इससे पूर्व देहरादून स्थित सचिवालय में सचिव नियोजन आर. मीनाक्षी सुंदरम ने आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़े जारी करते हुए राज्य की आर्थिक स्थिति को विभिन्न मानकों पर सुदृढ़ बताया था। मंगलवार को यह रिपोर्ट औपचारिक रूप से विधानसभा के बजट सत्र में पेश की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
