हुगली, 07 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हुगली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में शनिवार को केंद्रीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियां जिले के रिषड़ा और श्रीरामपुर क्षेत्र में पहुंचीं और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया।

अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय बलों के जवानों ने रिसड़ा के आरके रोड स्थित आश्रम स्कूल के आसपास के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च किया। इस दौरान जवानों ने प्रमुख सड़कों और आवासीय इलाकों में पैदल गश्त कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
प्रशासन का कहना है कि रूट मार्च का मुख्य उद्देश्य चुनाव से पहले क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा मतदाताओं के मन से किसी भी प्रकार का भय दूर करना है, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में केंद्रीय बलों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त गश्त तथा रूट मार्च आगे भी जारी रहेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
