
रीवा, 07 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रीवा-रायपुर (रीवा-मनगवां) हाईवे पर कोष्टा गांव के पास तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीन लोग उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी अनुसार मृतकों की पहचान भागवत विश्वकर्मा, उनके छोटे बेटे शिवम विश्वकर्मा और भांजी शीतल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑडी कार की रफ्तार बेहद तेज थी। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

शादी की खुशियों से पहले मातम
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक भागवत विश्वकर्मा के बेटे शुभम विश्वकर्मा की शादी 25 फरवरी को तय थी। हिंदू परंपरा के अनुसार शादी का पहला निमंत्रण भगवान को अर्पित किया जाता है। इसी रस्म को निभाने के लिए पूरा परिवार बाइक से चिरहुला (चिरौला) नाथ मंदिर जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
ऑडी जब्त, चालक फरार
हादसे की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान और समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां पीएम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑडी कार को जब्त कर लिया है, जबकि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
