नई दिल्ली, 09 फरवरी (हि.स.)। रूस की हर्जेन स्टेट पेडागोगिकल विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) का दौरा किया। इस दौरान रूसी विश्वविद्यालय के प्रो. सर्गेई वी. तारासोव, उप-रेक्टर (जनरल अफेयर्स एंड इंटरनेशनल कोऑपरेशन) तातियाना रिबोरेट्स्काइया और सेंटर फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन के निदेशक अर्सेनी कोसियाक उपस्थित रहें।

प्रतिनिधिमंडल ने आईपीयू के कुलपति प्रो. महेश वर्मा के साथ एक सकारात्मक बैठक की। इस दाैरान आईपीयू के रजिस्ट्रार डॉ. कमल पाठक, अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक प्रो. विजिता एस. अग्रवाल और अंतरराष्ट्रीय मामलों की एसोसिएट निदेशक डॉ. शिल्पा जैन की उपस्थिति में शैक्षिक सहयोग और संस्थागत साझेदारी को मजबूत करने के लिए चर्चा की गई।

चर्चा में शिक्षा और अनुसंधान में अंतर-विश्वविद्यालय सहयोग, संयुक्त संपादकीय और प्रकाशन पहल, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, भाषा सीखने के कार्यक्रम और संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) पर ध्यान केंद्रित किया गया। बैठक में स्थायी शैक्षिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और भारत-रूसी शैक्षिक संबंधों को मजबूत करने के लिए साझा प्रतिबद्धता के साथ समापन हुआ।
——————-
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
