मुर्शिदाबाद, 08 फ़रवरी (हि. स.)। रेल सुरक्षा को मजबूत करने और सड़क यातायात को सुगम बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) नंबर 105 को सफलतापूर्वक चालू कर दिया है। साथ ही रेजीनगर और बेलडांगा के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग नंबर 105/ई को यातायात के लिए स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

रेलवे की ओर से रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग को सबवे में बदलना एक चुनौतीपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य था। सबवे के लिए बॉक्स इंसर्शन का कार्य मार्च 2025 में ही पूरा कर लिया गया था, लेकिन परियोजना के दौरान क्षेत्र की उच्च जलस्तर (हाई वाटर टेबल) जैसी गंभीर भौगोलिक समस्या सामने आई। इससे ड्रेनेज सम्प (जल निकासी व्यवस्था) के निर्माण में काफी कठिनाई हुई, जो मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए अत्यंत आवश्यक होता है। सियालदह मंडल द्वारा इस परियोजना को जनसुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरा किया गया है।

रेलवे का कहना है कि अब स्थानीय निवासियों और यात्रियों को रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम और रोज़मर्रा की परेशानी से राहत मिलेगी।
रेल प्रशासन के मुताबिक, इस सबवे के चालू होने से न केवल सड़क और रेल यातायात अधिक सुरक्षित होगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में यातायात का प्रवाह भी बेहतर होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
