फतेहपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार शाम को जंगल से लकड़ी लेकर घर लौट रही दो महिलाएं ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उनकी कटकर मौत हो गई। जबकि साथ गई अन्य तीन महिलाएं रेल लाइन पार कर अपने घर पहुंच गई थी।

थारियांव थाना क्षेत्र के एकारी गाँव निवासी शोभा देवी(41) पत्नी राजभवन रैदास व श्याम कली(46) पत्नी स्व. अर्जुन पासवान समेत पांच महिलाएँ रेलवे लाइन पार जंगल में लकड़ियाँ लेने गई थी। देश शाम जब महिलाएं रेलवे लाइन पार कर रहीं थीं। तभी दो महिलाएं कानपुर से प्रयागराज जा रही ट्रेन की चपेट में आ गई। मौके पर ही दोनों महिलाओं की मौत गई। ग्रामीणों का मानना है कि दोनों महिलाओं का सिर धोती से ढका रहा होगा। जिससे दोनों महिलाएं ट्रेन नहीं देख सकी।
लोको पायलट की सूचना पर ट्रैकमैन संजय सिंह और राम बरन मौके पर पहुंचे। गाँव के लोगों की मदद से रेलवे लाइन पर बिखरे शव के टुकड़े को इकट्ठा किया गया, उसके बाद फिर से रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो पाया।
थारियांव थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार
