भागलपुर, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के पीरपैंती प्रखंड परिसर में पावर प्लांट की प्रस्तावित रेल कॉरिडोर और सड़क परियोजना के लिए बुधवार को सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (एसआईए) से संबंधित जनसुनवाई का आयोजन किया गया।

इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं एसआईए टीम ने रैयतों के साथ संवाद कर उन्हें भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विक्रम भास्कर झा, बीडीओ अभिमन्यु कुमार, बीएसपीजीसीएल के अधिकारी शशिकांत कुमार, दीपक कुमार तथा एसआईए रिसर्च संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मसखूर हुसैन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रैयतों को भूमि अधिग्रहण से संबंधित नियम, मुआवजा प्रक्रिया और परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जनसुनवाई के दौरान कई रैयतों ने भी अपने सवाल और सुझाव समिति के समक्ष रखे। समिति के सदस्यों ने यथासंभव उनके प्रश्नों का जवाब देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। बताया गया कि पावर प्लांट के लिए प्रस्तावित सड़क और रेल कॉरिडोर निर्माण के लिए लगभग 146 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है, जिसमें कुल 169 रैयतों की भूमि प्रभावित होगी। यह भूमि हरिणकोल, बंधु जयराम, बसंतपुर तथा नगर पंचायत पीरपैंती क्षेत्र में स्थित है। जनसुनवाई में हरिणकोल के रैयतों में वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, बसंतपुर के अजय सिंह, कुंजवन्ना के जयंत सिंह, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, सोनी सिंह, बमबम सिंह, रत्नेश सिंह, हीरानंद के कांतेश कुंवर, बृजकिशोर कुंवर, शिवनारायण कुंवर तथा इंदु देवी, हरिणकोल के सरपंच वरुण गोस्वामी सहित स्थानीय लोग भी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
