रेवाड़ी, 26 जनवरी (हि.स.)। रेवाड़ी पुलिस लाइन मैदान में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। हरियाणा के राज्यमंत्री गौरव गौतम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

राज्यमंत्री गौरव गौतम ने स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के बलिदानों से हमें गणतंत्र दिवस मनाने का यह गौरवशाली अवसर प्राप्त हुआ है। आज ही के दिन 76 वर्ष पहले सन 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता के मौलिक अधिकार दिए। इसी दिन भारत विश्व का सबसे बड़ा संप्रभुता सम्पन्न, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि मैं संविधान निर्माता बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के तमाम सदस्यों को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी बदौलत ही भारत आज एक गणराज्य कहलाता है। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक झांकियां निकाली गईं। इन झांकियों के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने प्रदर्शित किया गया। समारोह में राजकीय मॉडल स्कूल जलियावास से विद्यार्थियों ने मलखंभ आत्म सुरक्षा की प्रस्तुति दी। जैन स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य, राकवमावि की छात्राओं ने राजस्थानी नृत्य, राज स्कूल के विद्यार्थियों ने कश्मीरी नृत्य और आरपीएस स्कूल के विद्यार्थियों ने हरियाणवी लोक संस्कृति कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। प्रथम इंटरनेशनल स्कूल छुरियावास की छात्राओं ने राष्ट्रगान, गुरुकुल घासेड़ा के विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार और योगा की प्रस्तुति दी। इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं सहित अन्य प्रतिभावान लोगों को सम्मानित किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
