कानपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। रोजगार के अवसरों से जुड़ना आज के समय की जरूरत है और ऐसे आयोजन युवाओं को कंपनियों से सीधे जुड़ने का मंच देते हैं। जुहारी देवी गर्ल्स पीजी कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिला। शिक्षा के साथ रोजगार की जानकारी और व्यावहारिक अनुभव युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक है। ऐसे मेले कौशल विकास के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं और भविष्य के लिए तैयार करते हैं। यह बातें शनिवार काे गोविन्द नगर भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहीं।

जुहारी देवी गर्ल्स पीजी कॉलेज, कैनाल रोड में आयोजित इस रोजगार मेले का आयोजन क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने प्रतिभाग कर छात्राओं का साक्षात्कार लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
रोजगार मेले में लगभग 10-12 कंपनियां शामिल रहीं, जिनमें राम फाइनेंस, हीरो मोटोकॉर्प सर्विसेज, पुखराज इंटरप्राइजेज और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस जैसी कंपनियां प्रमुख रहीं। कंपनियों ने छात्राओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
प्रधानाचार्य प्रो. रेनू कुशवाहा ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के लिए तैयार करने में सहायक होते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समापन हुआ, जिसमें कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
