कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। समाज कल्याण और जरूरतमंदों की भलाई के लिए निरंतर कार्यरत रोटरी क्लब साउथ ने जिला अस्पताल उर्सला में भर्ती मरीजों को भीषण गर्मी और असुविधा से राहत देने के लिए चार एयर कंडीशनर भेंट किए। इस पहल से न केवल मरीजों को बेहतर इलाज के दौरान आराम मिलेगा, बल्कि अस्पताल का वातावरण भी सुकूनदायक और उपचार के अनुकूल बनेगा। यह बातें शुक्रवार को रोटरी क्लब साउथ के अध्यक्ष मनोज शुक्ला ने कहीं।

अध्यक्ष मनोज शुक्ला ने कहा कि हमारी संस्था का उद्देश्य केवल सतही मदद करना नहीं है। सेवा का मतलब यह नहीं कि किसी भूखे को दिन में एक बार खाना खिलाया जाए, बल्कि यह ऐसा काम करना है जिससे कई लोगों का जीवन बेहतर बन सके। अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को आराम और सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता है। हमारी कोशिश यही रहती है कि समाज की छोटी-छोटी जरूरतों को समझें और उन्हें समय पर पूरा करें। सेवा का असली मूल्य तभी समझ आता है जब उसका लाभ सबसे ज्यादा जरूरतमंदों तक पहुंचे।
उर्सला अस्पताल के निदेशक डॉ. बाल चंद्र पाल ने कहा, रोटरी क्लब साउथ की इस पहल से हमारे मरीजों और स्टाफ को अत्यंत राहत मिली है। इससे न केवल इलाज में सुविधा होगी, बल्कि मरीजों का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
उर्सला अस्पताल के नोडल अधिकारी डा. सपन गुप्ता ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे प्रयास बेहद महत्वपूर्ण हैं। रोटरी क्लब साउथ ने यह दिखाया है कि सेवा केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे कार्य रूप में लाना ही असली भावना है। मरीजों के लिए इतनी बड़ी सुविधा उपलब्ध कराना उनके मानवीय संवेदनाओं और समाज सेवा के दृष्टिकोण का प्रमाण है। हम उनके इस योगदान के लिए बेहद आभारी हैं और आशा करते हैं कि भविष्य में भी ऐसे कई कार्यक्रम समाज को लाभ पहुंचाते रहेंगे।
इस दौरान अध्यक्ष मनोज शुक्ला, सेकेट्री महेश मखीजा, कोषाध्यक्ष भीष्म पंजवानी, यूएचएम जिला चिकित्सालय निदेशक डा० बीसी पाल, चिकित्सा अधीक्षक डा० शैलेन्द्र तिवारी, डा. सपन गुप्ता, चीफ फार्मासिस्ट राजीव सिंह इत्यादि लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
