शिमला, 11 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र में नशा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पहले से दर्ज एफआईआर में सामने आए नए सुरागों के आधार पर की गई है।

पुलिस ने बताया कि बीते 2 फरवरी को मेहंदली पुल (रोहड़ू) के पास नाके के दौरान पंजाब के रहने वाले दो युवक, जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह, को 83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई थी।

प्रारंभिक गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच टीम ने नशे की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। इस जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशीष चौहान (24 वर्ष) निवासी खशधार, चिड़गांव, नवीन शिट्टा (31 वर्ष) निवासी गोक्सवारी, चिड़गांव और दीवान चंद (39 वर्ष) निवासी सुंधा, चिड़गांव के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे भी कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पुलिस के अनुसार रोहड़ू क्षेत्र में नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और यदि किसी को भी ड्रग्स तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
