सारण, 29 जनवरी (हि.स.)। जिले में आपदा अनुग्रह अनुदान से संबंधित लंबित मामलों को लेकर समीक्षा बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने की। इस बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व, सिविल सर्जन, जिला आपदा प्रबंधन के प्रभारी पदाधिकारी समेत सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न अंचलों में लंबित पड़े आपदा अनुदान के मामलों की बारी-बारी से गहन समीक्षा की। उन्होंने फाइलों के निपटारे में हो रही देरी पर असंतोष व्यक्त किया और स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि आम जनता से जुड़े इन राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों को एक सप्ताह के भीतर हर हाल में निष्पादित करने का कड़ा निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन और सभी अंचलाधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से फाइलों की निगरानी करने को कहा। राहत राशि के वितरण में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के बाद यदि किसी अंचल में अनावश्यक रूप से मामले लंबित पाए गए तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
