हरिद्वार, 05 अप्रैल (हि.स.)। कोतवाली लक्सर परिसर में भगीरथ प्रयास संस्था के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों और क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर के दौरान कुल 35 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीओ लक्सर देवेंद्र नेगी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी लोगों से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील की और इसे समाज सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया। उन्होंने सभी वॉलिंटियरों को डोनेट प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर कोतवाली निरीक्षक प्रवीण सिंह कोष्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी, अजय कुमार, नरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वहीं मीडिया की ओर से प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी, जसवीर सहित कई पत्रकारों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर समाज सेवा का संदेश दिया और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
