बक्सर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी साहिला द्वारा किला मैदान, पुराना बस स्टैंड एवं लाइट एंड साउंड परिसर का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान लाइट एंड साउंड परिसर के पहुंच पथों की मरम्मत, समुचित साफ-सफाई एवं सड़क किनारे सघन वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही लाइट एंड साउंड परियोजना का कार्य शीघ्र पूर्ण कर उसके संचालन एवं रख-रखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने अतिथि गृह जाने वाले पथ को “नो व्हीकल जोन” घोषित करते हुए वहां बोर्ड लगाने एवं नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक नगर परिषद को दिया। साथ ही मॉडल थाना से तड़का नाला तक सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण कर दुकान लगाने एवं अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। रामरेखा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु 15 दिनों के भीतर पार्किंग स्थल विकसित करने का भी आदेश दिया गया। किला मैदान में मंच के जीर्णोद्धार, पेवर ब्लॉक कार्य, पुराना बस स्टैंड से रामलीला मंच तक दीवारों की पेंटिंग एवं जल निकासी व्यवस्था सुधारने का भी निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जवाहर मध्य विद्यालय का भ्रमण किया गया, जहां स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक से कारण पृच्छा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
