बिजनौर, 14 मार्च (हि.स.)। जिले के अभियोजन कार्यालय बिजनौर में तैनात सिपाही नितिन वत्स (32) का शव शनिवार को मेरठ-पौड़ी हाइवे पर स्थित बैराज पुल के पास गंगा में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बैराज चौकी इंचार्ज तेजवीर सिंह ने बताया कि 2016 बैच के सिपाही नितिन वत्स मूलरूप से बागपत जिला के गांव टिकरी के रहने वाले थे। वह अभियोजन कार्यालय में तैनात और यहां पर पत्नी रेनू व बच्चों के साथ शहर के आर्यनगर कॉलोनी में रह रहे थे। गुरुवार सुबह घर से वह ड्यूटी के लिए बाइक से निकले, लेकिन अभियोजन कार्यालय नहीं पहुंचे। इसके बाद से ही उनकी तलाश की जा रही थी। सिपाही की बाइक बैराज के पास खड़ी मिली थी, जिसके बाद से पुलिस गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाशी अभियान चला रही थीं शनिवार को सिपाही का शव गंगा नदी से बरामद कर लिया गया। सिपाही की पत्नी रेनू ने थाने में गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई थी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच में जुट गई।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
