बांदा, 07 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छह दिन पहले घर से लापता हुए 10 वर्षीय बालक का शव शनिवार सुबह एक सरसों के खेत में बरामद हुआ। मृतक की बड़ी बहन ने बालक के साथ कुकर्म कर बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है।

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव के गाैतम पुरवा निवासी राकेश वर्मा का 10 वर्षीय बेटा सतवीर दाे फरवरी की शाम बिना बताए घर से निकल गया था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और रिश्तेदारों के यहां भी पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को बालक की मां ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की।
शनिवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं खेत में हरियाली तोड़ने गई थीं, तभी उन्होंने सरसों के खेत में बालक का शव पड़ा देखा। शव को छिपाने के उद्देश्य से उसके मुंह में सरसों के पत्ते रखे गए थे। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।
मृतक की बड़ी बहन का आरोप है कि उसका भाई नौटंकी देखने के लिए बिसंडा थाना क्षेत्र के बघंडा गांव गया था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। बहन के अनुसार, आरोपियों ने बालक के साथ कुकर्म किया और उसके बाद उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि बालक को जहरीला पदार्थ खिलाया गया था, जिससे उसका शरीर काला पड़ गया था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
बताया गया कि मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी चार बहनें हैं। उसके पिता हरियाणा में मजदूरी करते हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि बालक 2 फरवरी से लापता था और परिजनों ने 6 फरवरी को इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने तत्काल दो टीमें बनाकर सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह खेत से शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में शव करीब 48 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं और जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
