-सुबह सात बजे पहले स्कूल से पुलिस को मिली सूचना

-पुलिस, बम स्क्वायड दस्ता व अन्य जांच एजेंसियों मौके पर पहुंची

-गहनता से जांच-पड़ताल में किसी तरह की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई
गुरुग्राम, 28 जनवरी (हि.स.)। बुधवार की सुबह यहां के 26 प्राइवेट स्कूलों में ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के साथ ही स्कूलों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। तुरंत प्रभाव से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सभी स्कूलों में गहन सुरक्षा जांच की गई। दोपहर बाद सुरक्षा दस्ते ने सभी स्कूलों की जांच के बाद सब ठीक पाया गया। हालांकि पुलिस छानबीन के बाद भी स्कूलों के आसपास तैनात रही। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करके गहनता से जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह करीब सात बजे पहले स्कूल की ई-मेल आईडी पर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जैसे ही पुलिस ने उस स्कूल की जांच के लिए सक्रियता दिखाई। इसी बीच अन्य कई स्कूलों से भी इस तरह की सूचना पुलिस को मिलने लगी। पुलिस अधिकारी विकास कौशिक ने बताया कि काफी स्कूलों को यह ईमेल मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रोटोकोल के तहत स्कूलों की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह सामने आ रहा है कि यह सिर्फ धमकी है, किसी तरह से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। सूचना मिलने के साथ ही बम निरोधक दस्ता व अन्य टीमों को तुरंत संबंधित स्कूलों में रवाना किया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल स्क्वॉड तथा अन्य विशेष पुलिस टीमों को स्कूलों में रवाना किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित स्कूल परिसरों को खाली कराया गया तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टॉफ की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। हालांकि कई स्कूलों की ओर से परिजनों को मोबाइल पर बच्चों को स्कूल ना भेजने के मैसेज भेजे गए। इसलिए वहां पर बच्चों की संख्या कम रही। हालांकि पुलिस की ओर से बच्चों को स्कूल में ना आने संबंधित कोई गाइडलाइन जारी नहीं की गई। पुलिस टीमों द्वारा स्कूल परिसरों, कक्षाओं, भवनों एवं आसपास के क्षेत्रों की गहनता से जांच की गई। गुरुग्राम पुलिस की साइबर टीमें भी बम की धमकी के मामले में छानबीन कर रही हैं। समाचार लिखे जाने तक यह पता चला कि 26 स्कूलों को यह धमकी भरी ईमेल भेजी गई। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने मीडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि की। पुलिस की ओर से अधिकारिक जानकारी दी गई कि घंटों तक स्कूलों की चेकिंग में कोई संदिग्ध व किसी प्रकार की कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। यह मेल कहां से आई है साइबर टीमों की मदद से आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
