रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित प्रीति ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूटकांड का रांची पुलिस ने 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लूटी हुई चांदी भी बरामद की है। गिरफ्तार अपराधियों में आशुतोष कुमार, महेश वर्मा और सिराज अंसारी शामिल हैं। इनके पास से दो बाइक, पांच मोबाईल, लूट का चांदी, एक पिस्टल, दो मैग्जीन और चार गोली बरामद किया गया है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तीनों ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद हेलमेट पहनकर मंगलवार शाम हथियार के बल पर प्रीति ज्वेलर्स में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूट के बाद पुलिस की दबिश की वजह से तीनों अपराधी रांची से बाहर नहीं भाग पाए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों की पहचान कर उन्हें 10 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तीनों अपराधियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी डिलवरी बॉय का काम करते थे, इसी बहाने तीनों ने जेवर दुकान की रेकी की थी और रांची शहर में किराए के मकान में रहते थे। सिटी एसपी ने बताया कि 07 मार्च को गश्ती दल के जरिये सूचना प्राप्त हुई थी कि हरिहर सिंह रोड स्थित प्रीति ज्वेलर्स में लूटपाट की घटना हुई है। बिना देर किए एसएसपी को सूचना दी गई। सूचना पर एसएसपी ने मामले का खुलासा करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए छापेमारी टीम का गठन किया और छापेमारी शुरू हुई।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक, सदर संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में थाना प्रभारी बरियातु मनोज कुमार एवं सदर कुलदीप कुमार तथा अन्य पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा प्रभारी के संयुक्त प्रयास से घटना में संलिप्त तीनों अपराधियों को लूट के सारे सामान, घटना में प्रयोग किये गये दोनों बाइक एवं घटना में प्रयुक्त हथियार गोली को बरामद किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
