कटिहार, 08 फरवरी (हि.स.)। कटिहार जिला के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में लूट की दो घटनाओं का सफल उद्भेदन किया गया है। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और दो मोबाईल बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि बीते 06 फरवरी की रात दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों से लूट की गई थी। पहले मामले में कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति से 8000 रुपये और एक मोबाईल लूट लिया गया था, जबकि दूसरे मामले में राजा कुमार साह नामक व्यक्ति से एक मोबाईल लूट लिया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी टीम ने वैज्ञानिक और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार यादव (24 वर्ष) पिता डोमन यादव उर्फ रामू यादव ग्राम मरंगी, मो. शाहिद (22 वर्ष) पिता मो. भोला ग्राम हफला रोगनी चैक दोनों थाना मनसाही और मो. तौसीफ (19 वर्ष) पिता मो. फिरोज ग्राम मखदुमपुर बाबू टोला थाना मुफ्फसिल सभी जिला कटिहार के निवासी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह
