मेदिनीपुर, 24 जनवरी (हि.स.)।

पूर्व मेदिनीपुर जिले के मयना थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना मयना कॉलेज के सामने शाम करीब चार बजे उस समय हुई, जब तेज रफ्तार लॉरी और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
मृतक की पहचान अमल बिजली के रूप में हुई है। वह मयना थाना अंतर्गत बाकचा ग्राम पंचायत क्षेत्र के मिर्जानगर गांव का निवासी था। हादसे में घायल दूसरे बाइक सवार को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मयना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस लॉरी चालक की तलाश कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
