रांची, 25 जनवरी (हि.स.)। आजसू पार्टी के मिलन समारोह में रविवार को कई युवाओं ने पार्टी का दामन थामा। पार्टी के हरमू स्थित कार्यालय में रविवार को आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भाग ले रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता और निवेशकों को उससे बहुत ज्यादा आशा नहीं है।

उन्होंने कहा कि दो हफ्ते पहले जमशेदपुर से अपहृत युवा व्यवसायी कैरव गांधी का पता पुलिस नहीं लगा पा रही है। व्यवसायियों को रोज गैंगस्टर धमकी दे रहे हैं। सुदेश ने रविवार को भी एक व्यवसायी सुशांत गुप्ता से दो करोड़ की रंगदारी मांगे जाने की खबर आई है।
उन्होंने कहा कि कानून–व्यवस्था की स्थिति ठीक किए बिना निवेशकों आने की आशा बेमानी है। असुरक्षा के माहौल में कौन निवेश करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के वर्तमान हालात ठीक नहीं हैं। हत्या, रंगदारी और अपहरण राज्य की पहचान बन चुकी है।
सुदेश ने कहा कि हाल में ही पड़हा राजा सोमा मुंडा और अनिल टाइगर की हत्या जमीन माफिया ने कर दी। राज्य में कई वर्षों से लगातार सैकड़ों बच्चों का अपहरण हो रहा था, लेकिन राज्य सरकार और प्रशासन सोया था।
विदेश में भी मुख्यमंत्री भारतीय व्यवसायियों और उद्यमियों के साथ ही बातचीत करते दिख रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शपथ लेने के समय महानगरों में रोड शो किए गए थे, तो उनका फलाफल क्या निकला। इसे मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए। सुदेश ने कहा कि मुख्यमंत्री लंदन की थीम्स नदी को देखकर बोले थे कि राजधानी की हरमू नदी सहित नदियों का पुनर्जीवित करेंगे। लेकिन सरकारी तंत्र ने इन्हें नाला बना दिया, जो कभी रांची की पहचान हुआ करती थीं। उम्मीद है कि उनके पास कोई ठोस योजना होगी, जिसे हम भविष्य में देखना चाहेंगे।
हजारीबाग में सरस्वती पूजा के दौरान दो समुदायों के बीच टकराव को उन्होंने प्रशासन की नाकामी करार दिया। उन्होंने कहा कि हजारीबाग संवेदनशील शहर है। प्रशासन को विधि-व्यवस्था में पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए।
मिलन समारोह में पार्टी में ये हुए शामिल
आजसू पार्टी में रांची के विभिन्न वार्डों से कई युवाओं ने शुभम भारद्वाज के नेतृत्व में पार्टी का दामन थामा। सुदेश महतो और देवशरण भगत ने उनका स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई।
पार्टी में शामिल होने वालों में
गोपाल राय, अविनाश भारद्वाज, संजय वर्मा, मोहम्मद दानिश, सुमित कश्यप, सुमित राय, मोहमद सलीम सहित अन्य का नाम शामिल है।
मौके पर पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव सह जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत सहित अन्य मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
