कमिश्नर व जिलाधिकारी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दोनों पालियों में 18947 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

वाराणसी, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा शनिवार को वाराणसी जनपद के 46 विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किया था। इसमें परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच की गई ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।
वाराणसी परिक्षेत्र के मंडलायुक्त एस राजलिंगम तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने लगातार दूरभाष तथा अन्य माध्यमों से संपर्क स्थापित कर वाराणसी मंडल के विभिन्न जिलों में आयोजित हो रही परीक्षा की सुचिता सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव प्रयास किए। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी व्यस्थाएं की गयी हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो दिनों तक परीक्षा आयोजित होगी। इन दोनों दिनों में चार पालियों में हजारों अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि भर्ती बोर्ड के तय प्रोटोकॉल के मुताबिक हर परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और इनविजिलेटर की तैनाती की गई है। इसके साथ ही हर परीक्षा कक्ष की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं। इन कंट्रोल रूम के जरिए लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया गया और संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी गई। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस उपनिरीक्षक (दारोगा) और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए 14 और 15 मार्च को लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। पहले दिन आयोजित परीक्षा में दोनों पालियों में कुल 38880 अभ्यर्थी (प्रथम पाली में 19440 व द्वितीय पाली में 19440) पंजीकृत थे। जिसमें 18947 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसमें प्रथम पाली में 9412 तथा द्वितीय पाली में 9535 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
