—पुलिस छानबीन में जुटी,परिजनों को घटना की दी गई जानकारी

वाराणसी,10 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी कैंट स्थित एक होटल में हैदराबाद से आए भाई—बहन ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मंगलवार को हृदयविदारक घटना की जानकारी पाते ही होटल में हड़कम्प मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन और पूछताछ के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

होटल सिटी इन प्रबंधन के अनुसार हैदराबाद सिकंदराबाद (आंध्रप्रदेश) के सुब्बा और धनलक्ष्मी आठ फरवरी को वाराणसी आकर होटल में कमरा बुक किए थे। दोनों को कमरा नंबर 2005 में ठहराया गया। आने के बाद दोनों का व्यवहार और बातचीत का अंदाज सामान्य ही दिखा। आज दोपहर में उन्हें होटल से चेकआउट की जानकारी देने के लिए कर्मचारी ने फोन किया। कमरे से कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजे पर दस्तक दी। इसके बाद भी कोई प्रतिक्रिया न होने पर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। घटना की जानकारी पाते ही डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी भी मौके पर पहुंचे। अफसरों की मौजूदगी में मास्टर चाबी से कमरे का ताला खुलवाया गया। कमरे में भाई—बहन का शव जमीन पर पड़ा था। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। शव के पास ही टेबल पर जहर का पैकेट मिलने के बाद पुलिस ने जहर खाकर जान देने का अनुमान लगाया। फोरेंसिक टीम ने पूरे कमरे में छानबीन के बाद साक्ष्य जुटाए। मृतकों के पास मिले आधार कार्ड में पता सिंकदराबाद हैदराबाद लिखा है। डीसीपी काशी जोन के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों भाई-बहन प्रतीत हो रहे हैं। मृतकों के परिजनों से संपर्क कर मामले की जांच चल रही है। परिजनों के आने के बाद ही पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
