वाराणसी, 06 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में ‘घूसखोर पंडत’ वेब सीरीज के रिलीज के पहले ही उसका विरोध हो रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार काे वाराणसी जिले में भी ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधियों ने ‘घूसखोर पंडत’ के नाम से बनी वेब सीरीज की आलोचना की है। ब्राह्मण संगठनों ने नाम पर आपत्ति जताते हुए इसका विरोध किया है और रोक लगाने की मांग की है।

ब्राह्मण संगठन के वाराणसी में प्रतिनिधि राजीव पाण्डेय ने वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ का विरोध करते हुए कहा कि नेटफ्लिक्स पर प्रदर्शित होने जा रही वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ का निर्देशन नीरज पांडेय ने किया है। जबकि मनोज बाजपेई ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई है। फिर भी इसका नाम ब्राह्मणों की भावना को ठेस पहुंचाने वाला है।
ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि सोमेश्वर ने कहा कि काशी के ब्राह्मणों के विद्वता के संबंध में जग जाहिर है। ब्राह्मण परिवारों के बच्चों पर इस वेब सीरीज का अच्छा असर नहीं पड़ेगा। इसका नाम ही भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, इसे तत्काल ही रोक देना चाहिए या इसका नाम बदल देना चाहिए। फिर इसकी कहानी कुछ भी हो। अगर ऐसा नहीं होता है तो हम सड़क पर उतर कर प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
वही संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ का विरोध करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में 95 प्रतिशत ब्राह्मण परिवार के बच्चे पढ़ते हैं। हम विश्वविद्यालय परिवार की ओर से बिना सोचे समझे रखे गए वेब सीरीज के नाम का विरोध करते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
