वाराणसी, 15 मार्च(हि. स.)। वाराणसी शहर में पांडेयपुर चौराहे पर डबल यूटर्न से जाम की समस्या आम बात हो चुकी है। चौराहे पर वाहनों को हुकुलगंज और खजुरी कालोनी से आने पर पुलिस लाइन की ओर मुड़ने के बाद यूटर्न लेकर पांडेयपुर चौराहे पर आना होता है। यूटर्न की परिधि में सड़क की चौड़ाई कम होने पर यहां सुबह से शाम तक जाम लगता है। इसी तरह पांडेयपुर से आने वाले वाहनों को खजुरी कालोनी में जाने के लिए हुकुलगंज की ओर बढ़कर यूटर्न लेना होता है। इस मार्ग की भी चौड़ाई कम है, जिसके कारण जाम की स्थिति बनती है। वहीं, इसी मार्ग से लगे दूध विक्रेताओं की भारी भीड़ भी खड़ी रहती है। जहां से अधिकांश लोग अपने घरों में दूध लेकर जाते है।

पांडेयपुर चौराहे के निकट यातायात व्यवस्था में ड्यूटी देने वाले पुलिसकर्मियों की माने तो आजकल जाम की समस्या कम हुई है और कुछ मिनटों में वाहनों की भीड़ या लाइन चौराहा पार कर जाती है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त है। यूटर्न से जाम लगता है लेकिन कुछ देर में रास्ता साफ हो जाता है।
पांडेयपुर चौराहे पर दुकानदार अजय ने कहा कि चौराहे को जोड़ने वाली सड़कों पर जाम की समस्या से हर एक दुकानदार परेशान है। दुकान के बाहर ग्राहक के वाहन खड़े नहीं हो सकते है, फौरन ही जाम लग जाता है। बीच में दूध सट्टी होने से और भी जाम की स्थिति रहती है, क्योंकि दुकानों और दूध सट्टी के बीच में सड़क पतली है और आगे यूटर्न तक ऐसी ही कम चौड़ी स्थिति में सड़क है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
