वाराणसी, 10 अप्रैल(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार की रात्रि में विभिन्न थानों कैण्ट, शिवपुर व लालपुर -पाण्डेयपुर के समस्त उपनिरीक्षकों के कार्य-प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए एक निरीक्षक, ग्यारह उपनिरीक्षकों को निलम्बित कर दिया।

निलम्बित हुए निरीक्षक और उप निरीक्षकों में थाना कैण्ट के निरीक्षक संतोष पासवान, उप निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव, उप निरीक्षक भैरव श्रीवास्तव,उप निरीक्षक मुन्ना यादव, उप निरीक्षक जमुना प्रसाद तिवारी, उप निरीक्षक प्रवेश कुन्तल, थाना शिवपुर के उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, उप निरीक्षक कोमल यादव, उप निरीक्षक आशीष कुमार सिंह, थाना लालपुर -पाण्डेयपुर से उप निरीक्षक प्रमोद कुमार गुप्ता, उप निरीक्षक कोमल कुमार गुप्ता, उप निरीक्षक विजेन्द्र सिंह को खराब प्रदर्शन के कारण निलम्बित कर दिया।
बता दें कि वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लम्बित विवेचना, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलन, बीडब्लू, एनबी डबलू का तामीला एवं गिरफ्तारी, बिना नंबर गाड़ियों की सीज की कार्यवाही, विपरीत दिशा में चलने वाले वाहनों की समीक्षा किया। निलम्बित सभी उपनिरीक्षकों पर विवेचना 60 दिनों से भी अधिक अवधि तक लम्बित पाई गई। शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त नीतू, सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट अपूर्व पाण्डेय सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
