मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। विंध्य धाम को प्लास्टिक मुक्त बनाने का अभियान नवरात्र मेले के दौरान और तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर रविवार को चौथे दिन गंगा वारियर, गंगा दूतों और वन विभाग की टीम ने घाटों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया।

टीम ने गंगा घाटों पर प्लास्टिक व पॉलीथीन का संग्रह कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान मां गंगा को साक्षी मानकर संकल्प लिया गया कि नवरात्र के बाद भी तटवर्ती गांवों और घाटों को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम जारी रहेगी।
नवरात्र के अवसर पर बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालु पहले गंगा घाटों पर पहुंचकर पवित्र स्नान कर रहे हैं। साफ-सुथरे घाट और निर्मल जल देखकर श्रद्धालु प्रसन्न नजर आए। गंगा वारियर और प्रहरियों को सफाई करते देख कई श्रद्धालु भी स्वेच्छा से अभियान में जुड़ते दिखाई दिए।
जिला वनाधिकारी राकेश कुमार के निर्देशन में यह अभियान लगातार चल रहा है। नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन से ही नियमित सफाई कराई जा रही है और दर्शनार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने गंगा वारियर और प्रहरियों के कार्यों की सराहना की।
अभियान में वन क्षेत्राधिकारी (नगर) एसपी वर्मा, उप वन क्षेत्राधिकारी विपिन सिंह, वन दरोगा एसके द्विवेदी, प्रशांत पटेल, कुमार कार्तिकेय, वाचर मंगला प्रसाद तथा गंगा दूत राहुल निषाद, साजन, संदीप, अमन, विकास सहित कई लोग शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
