– कार्यक्रम के लिए घर-घर जाकर पीले चावल देकर आमंत्रित किया गया

विदिशा, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता कांसवा के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा मंगलवार, 24 मार्च को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में “विद्या आरंभ प्रमाण पत्र वितरण एवं प्रवेश उत्सव कार्यक्रम” का आयोजन किया जाएगा। रविवार को विद्या आरंभ कार्यक्रम के लिए घर-घर जाकर पीले चावल देकर आमंत्रित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता कांसवा ने बताया कि इस आयोजन के अंतर्गत जिले के लगभग 17 हजार 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को ग्रेजुएशन सेरेमनी के रूप में विद्या आरंभ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में बाल चैपाल का आयोजन किया जाएगा, जहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे तथा उन्हें स्कूल शिक्षा में प्रवेश के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों के संयुक्त सहयोग से किया जाएगा। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए इसे उत्साहपूर्ण एवं समागमपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने, उन्हें नियमित विद्यालय से जोड़ने एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विद्यालयीन शिक्षा के लिए तैयार करना एवं उनमें सीखने की उत्सुकता विकसित करना है।
दरअसल, प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 से 6 वर्ष के पंजीकृत बच्चों के लिए 24 मार्च 2026 को विद्या आरंभ प्रमाण पत्र एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञानेश खरे ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन समारोहपूर्वक किया जाएगा। इसमें अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, रॉकेट लर्निंग और पीरामल फाउंडेशन जैसी सहयोगी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों एवं अभिभावकों को आमंत्रित कर उनके माध्यम से बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित कराए जाएंगे। प्रमाण पत्र 10 अंकों का होगा, जिसमें प्रारंभिक 4 अंक आंगनबाड़ी कोड, अगले 4 अंक बच्चे की आईडी तथा अंतिम 2 अंक संबंधित वर्ष को दर्शाएंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
