भागलपुर, 14 मार्च (हि.स.)। गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की स्वीकृति प्राप्त हुई। कार्यक्रम का प्रारंभ 4 बिहार बटालियन राष्ट्रीय कैडेट कोर भागलपुर के कमांडिंग आफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल, सूबेदार मेजर शीतल सिंह, भागलपुर विभाग के जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह, कोषाध्यक्ष तिलक राज वर्मा, सदस्य मधुसूदन झा एवं प्रधानाचार्य अमरेश कुमार द्वारा शनिवार को संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस मौके पर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल ने कहा कि आज इस विद्यालय के लिए ऐतिहासिक दिन है। आज से इस विद्यालय में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) पाठ्यक्रम का शुभारंभ होने जा रहा है। हमें खुशी है कि भागलपुर का सबसे बेस्ट विद्यालय हमसे जुड़ने के लिए तैयार है। राष्ट्रीय कैडेट कोर की स्थापना 1948 में हुई है। देश की आजादी के बाद ही सबसे पहले राष्ट्रीय कैडेट कोर संगठन प्रारंभ किया गया था। राष्ट्रीय कैडेट कोर दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी यूथ ऑर्गेनाइजेशन है। सबसे ज्यादा युवा स्कूल और कॉलेज के माध्यम से इसमें जुड़े हैं। यहां से राष्ट्रीय कैडेट कोर का कोर्स करने के पश्चात आगे हर क्षेत्र में हर जगह इसका परसेंटेज काम देगा। अभी इस विद्यालय में अष्टम कक्षा के छात्र को मौका मिलेगा फिर सप्तम से अष्टम में आने वाले भैया बहनों को अगले सत्र में मौका प्राप्त होगा।
लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल एवं सूबेदार मेजर शीतल सिंह द्वारा विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह एवं विद्यालय के एनसीसी ऑफिसर सागर कुमार को राष्ट्रीय कैडेट कोर रेजिंग पत्र प्रदान किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि विद्यालय को सैनिक स्कूल की मान्यता तो प्राप्त थी ही जिसका लाभ यहां के भैया बहन ले रहे हैं। साथ ही आज से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) प्रारंभ होने से विद्यालय के भैया बहनों को एनसीसी का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथि परिचय विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य अजय कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सूबेदार प्रवीण थापा, हवलदार दलवीर सिंह, कंपनी हवलदार मेजर मुखिया कुमार यादव, विद्यालय के एनसीसी ऑफिसर सागर कुमार,सेना से सेवानिवृत्त जे.सी.ओ. सुधाकर मिश्र, जयराम उराव,सहसचिव अश्वनि खटोर, पूर्व छात्र अनुराग महराणा,शशि भूषण मिश्र, शांतनु आनंद ,विद्यालय के सभी आचार्य एवं भैया/बहन उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
