–विद्या भारती के संस्कार लेकर निकलने वाले युवा राष्ट्र भविष्य के नायक : डॉ राम मनोहर–ज्वाला देवी इण्टर कॉलेज में इंटरमीडिएट के छात्रों का भव्य आशीर्वचन समारोह

प्रयागराज, 10 फरवरी (हि.स)। प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइन्स में मंगलवार को सत्र 2025-26 के इंटरमीडिएट बोर्ड के छात्र-छात्राओं के लिए ’आशीर्वचन समारोह’ का आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि सी.एम.पी डिग्री कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रंजीत ने भैया बहनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विद्यालय में सीखी गई कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र समर्पण की भावना जीवन की हर कठिन परिस्थिति में पथ-प्रदर्शक का कार्य करेगी।
विशिष्ट अतिथि विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री डॉ. राम मनोहर ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि विद्या भारती के संस्कार लेकर निकलने वाले युवा राष्ट्र के भविष्य के नायक होंगे। उन्होंने छात्रों से गुरुजनों के ज्ञान को आत्मसात कर देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
इसके पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने अतिथियों का परिचय एवं सम्मान कराते हुए कार्यक्रम की प्रस्ताविकी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा, यह समारोह केवल एक विदाई नहीं, बल्कि छात्रों के लिए सामाजिक सरोकारों के साथ एक नए जीवन की शुरुआत है। उन्होंने भैया-बहनों के विश्वविद्यालयी जीवन में प्रवेश हेतु उनके मंगलमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने अपने वरिष्ठों के सम्मान में गीत और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, कक्षा 12 के छात्रों ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभवों को साझा किया। राज सिंह, नितिन मिश्र, नवल और देविका जैसे छात्रों की भावुक भावाभिव्यक्ति सुनकर उपस्थित सभी की आँखें नम हो गईं। युवराज और साक्षी द्वारा प्रस्तुत समूह गीत ने कार्यक्रम में समां बांध दिया।
विद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भैया-बहनों को आगामी परीक्षाओं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन आचार्य सन्तोष पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य बन्धु एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
