फर्रुखाबाद, 16 फरवरी( हि.स.)। लखनऊ आंदोलन में जाने से रोकने के लिए पुलिस फोर्स ने कांग्रेसी नेता अंकुर मिश्रा एडवोकेट को हाउस अरेस्ट कर लिया है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने 17 फरवरी को लखनऊ में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत विधानसभा का घेराव करने का आवाहन किया है। जिसमें कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आदि कांग्रेसी नेताओं को बुलाया गया है।

रात काे कोतवाली पुलिस नगर के मोहल्ला नाला सिमत सुमाल निवासी निवासी अनिल मिश्रा एडवोकेट के घर पहुंची। पुलिस ने अधिवक्ता का दरवाजा खुलवाकर वहां डेरा डाल दिया। पूंछे जाने पर पुलिस ने शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंकुर मिश्रा उर्फ हनी को अवगत कराया कि आपको हाउस अरेस्ट किया गया है। पुलिस की बिना अनुमति घर के बाहर नहीं निकल सकते।

कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी मऊ दरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह एवं कई चौकी इंचार्ज निरंतर ड्यूटी देकर अंकुर मिश्रा एडवोकेट के घर से निकलने पर कड़ी नजर बनाये हैं। कांग्रेसी नेता अंकुर मिश्रा ने बताया कि कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी फोर्स लेकर घर आ गए थे। थोड़ी देर उनके साथ बैठने के बाद मैं अंदर सोने चला गया। इसके बाद पुलिस ने घर से बाहर नहीं निकलने दिया। पुलिस की जबरदस्ती मौजूदगी के कारण मैं एवं मेरे परिवार के सभी लोग परेशान हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar
