कोलकाता, 21 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय में एक उच्च स्तरीय विशेष बैठक बुलाई गई है। इस आपात बैठक का उद्देश्य राज्य में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)

प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए विधानसभा चुनावों के दाैरान केंद्रीय बलों की तैनाती पर केंद्रित हाेगा।

निर्वाचन आयोग के उच्च पदाधिकारी के अनुसार, बैठक में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल सहित सीईओ कार्यालय के समस्त अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक में विशेष पर्यवेक्षक एनके मिश्र, राज्य पुलिस के डीजी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर, एडीजी कानून-व्यवस्था, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी तथा सीआईएसएफ के नोडल अधिकारी भी भाग लेंगे।
यह बैठक मतदाता सूची के प्रशासन से पहले चुनावी तैयारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बुलाई गई है। पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के तहत संवेदनशील बूथों की पहचान, जोखिम मूल्यांकन एवं केंद्रीय बलों की रणनीतिक तैनाती पर विस्तृत समीक्षा की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राज्य के संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों की संख्या में वृद्धि एवं उनकी गतिविधियों के समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान लाखों लोगों के नाम कटेंगे। 28 फरवरी को मतदाता सूची जारी होगी। इसके पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत तृणमूल के कई नेताओं ने राज्य भर में हिंसा की चेतावनी दी है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिहाज से यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। खास बात ये है कि एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर कानून व्यवस्था की समस्या आती है तो डीजीपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य निर्वाचन कार्यालय ने इस बैठक को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। एसआईआर प्रक्रिया के तहत प्राप्त प्रारंभिक रिपोर्टों के आधार पर केंद्रीय बलों की तैनाती योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बैठक के निर्णय चुनावी माहौल को और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।——————-
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
