चेन्नई, 17 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए शासन और प्रशासन स्तर पर तैयारियाें काे अंतिम रूप दिया जा रहा है। राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षित पेयजल, शौचालय और पर्याप्त बिजली प्रकाश की व्यवस्था की गई है। बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए रैंप, व्हीलचेयर और भूतल पर ही मतदान केंद्र स्थापित करने की व्यवस्था की गई है। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान हाेना है।

भारत निर्वाचन आयोग और तमिलनाडु मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय विधानसभा आम चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। इस चुनाव में आम जनता बिना किसी परेशानी के अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य का पालन कर सके, इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर “न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं” उपलब्ध
कराई जाएगी। इस संबंध में एक जागरूकता वीडियो भी जारी किया गया है।
राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया कि शासन और प्रशासन ने सभी मतदान केंद्राें पर पेयजल और उचित मार्गदर्शक संकेतक लगाए जाएंगे। इसके अलावा, मतदाता अपने निर्धारित भाग और क्रम संख्या को आसानी से पहचान सकें, इसके लिए स्पष्ट मार्गदर्शक संकेतक और नक्शे भी लगाए जाएंगे। उन्हाेंने बताया कि लोकतंत्र में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए मतदान केंद्र तक आसानी से पहुंचने के लिए रैंप बनाए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर व्हीलचेयर उपलब्ध रहेंगी। साथ ही, उन्हें प्राथमिकता से मतदान कराने के लिए सहायता डेस्क और स्वयंसेवकों की सेवाएं भी समन्वित की गई हैं।
उन्हाेंने बताया कि मतदाताओं को धूप से बचाने के लिए छायायुक्त प्रतीक्षा क्षेत्र या पंडाल बनाए जाएंगे। विशेष रूप से महिला मतदाताओं और दिव्यांगों के लिए अलग शौचालय सुविधाएं और पर्याप्त रोशनी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाएगा। मतदाताओं की शंकाओं के समाधान के लिए 1950 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इसके अलावा, ‘ECINet’ ऐप और ‘voters.eci.gov.in’ वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV
