रांची, 14 मार्च (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में शनिवार को दूसरी पाली में विधायक सुरेश पासवान ने अनुदान मांगों की कटौती प्रस्ताव के विरोध में चर्चा करते हुए राज्य में बेरोजगारी, पेयजल, बिजली और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया।

सुरेश पासवान ने कहा कि देवघर में केंद्र की ओर से संचालित कई संस्थानों में झारखंड के बेरोजगार युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने स्थानीय युवाओं की अनदेखी कर बाहरी लोगों को रोजगार दिए जाने पर चिंता व्यक्त की और सरकार से अपील की कि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए।
विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास कर रही है। हाल ही में पुलिस वाहनों और एंबुलेंस के वितरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है और कानून व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सुरेश पासवान ने मोहनपुर प्रखंड की बड़ी भौगोलिक सीमा को ध्यान में रखते हुए रिखिया को नया प्रखंड बनाने की मांग की, ताकि ग्रामीणों की यात्रा और आने-जाने में होने वाली कठिनाइयां कम हो सकें। पेयजल समस्या पर उन्होंने गर्मी के मौसम में हर पंचायत में 10-10 चापाकल लगाने की मांग सरकार से की। उन्होंने देवघर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही पेयजल योजनाओं की धीमी प्रगति पर भी चिंता जताई और बंद पड़ी जल मीनारों की जांच कर उन्हें चालू कराने की मांग की। ———
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
