
पूर्णिया, 12 अप्रैल (हि.स.)। पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने आशा भोसले के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने बताया कि आशा भोंसले जी का मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। विधायक ने कहा कि अपनी मधुर, सुरीली और भावपूर्ण आवाज़ से उन्होंने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के संगीत प्रेमियों के हृदय पर अमिट छाप छोड़ी है। उनकी गायकी ने पीढ़ियों को भावनाओं से जोड़ा और भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई।

विधायक ने कहा कि आशा जी केवल एक गायिका नहीं, बल्कि अपने आप में एक युग थीं। हिंदी सिनेमा और भारतीय संगीत जगत में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय और प्रेरणास्पद रहेगा। उनके स्वर में ऐसी जादुई मिठास थी, जिसने करोड़ों लोगों के जीवन को संगीत से सराबोर किया। उन्होंने कहा कि आशा जी की स्मृतियां और उनके अमर गीत सदैव संगीत प्रेमियों के बीच जीवित रहेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। उनका निधन भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
इसके साथ ही विधायक विजय खेमका ने प्राचीन पूर्णिया सिटी काली मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपाल मुखर्जी के निधन पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूज्य गोपाल जी माँ काली के परम भक्त एवं विद्वान आचार्य थे। धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनका योगदान सदैव सराहनीय रहा है। उनके असामयिक निधन से पूर्णिया को अपूरणीय क्षति हुई है। इस दुख की घड़ी में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह
