वाराणसी, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मैदागिन स्थित भारतेंदु उद्यान के पुनर्विकास का कार्य मंगलवार से प्रारंभ हुआ। वाराणसी दक्षिणी विधानसभा से विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने उद्यान के पुनर्विकास के लिए भूमि पूजन किया। कम्पनी गार्डन के नाम से मशहूर भारतेंदु उद्यान के सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

उद्यान के पुनर्विकास के लिए भूमि पूजन के बाद विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने उपस्थित लोगों को मिष्ठान खिलाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतेंदु उद्यान में सुबह के वक्त सैकड़ों की संख्या में लोगों का टहलने के लिए आते हैं। इसको देखते हुए उद्यान की सुंदरता बेहद आवश्यक है, जिसके लिए भूमि पूजन हो गया है और जल्द ही उद्यान का बदला हुआ स्वरूप देखने को मिलेगा। जिससे मैदागिन, दारानगर, विशेश्वरगंज, नीचीबाग, कबीरचौरा जैसे मोहल्लों के हमारे क्षेत्र के नागरिक स्वच्छ और सुंदर वातावरण के बीच सुबह टहलने का आनंद उठा सकेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
