सिलीगुड़ी, 11 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी विवेकानंद स्कूल के डायमंड जुबली वर्ष समारोह की शुरुआत बुधवार को एक भव्य और रंगारंग शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा की शुरुआत स्कूल परिसर से की गई, जिसके बाद यह शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और हाईवे से होते हुए फिर से स्कूल परिसर में लौटकर संपन्न हुआ।

इस शोभायात्रा में मेयर गौतम देव, डिप्टी मेयर रंजन सरकार, स्कूल के शिक्षक, वर्तमान और पूर्व छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न झांकियों के माध्यम से समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को दर्शाया गया। इनमें सती प्रथा के खिलाफ जागरूकता, बाल विवाह के विरोध, महिलाओं की शिक्षा के महत्व और योग के लाभों को प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा दसवीं बटालियन का बैंड, ट्राइबल डांस और सामाजिक संदेशों वाले पोस्टर भी आकर्षण का केंद्र रहे।
स्कूल के हेडमास्टर महितोष दास ने बताया कि उच्च माध्यमिक परीक्षा के कारण फरवरी में यह कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सका था। इसलिए इस वर्ष डायमंड जुबली (हिरक जयंती) समारोह की शुरुआत शोभायात्रा के साथ की गई है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव पूरे साल विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से जारी रहेगा। हर महीने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और अगले साल फरवरी में दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम के साथ इस समारोह का समापन होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
