नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। राजधानी के व्यस्त दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर सोमवार को एक यात्री के ट्रैक पर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मेट्रो का काम देख रहे पुलिस उपायुक्त भरत रेड्डी के अनुसार, मेट्रो कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि विश्वविद्यालयमेट्रो स्टेशन पर एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म से फिसलकर ट्रैक पर गिर गया है। खबर मिलते ही पुलिस और मेट्रो स्टाफ तुरंत हरकत में आए। एएसआई संतोष कुमार और सिपाही सुंदर लाल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मेट्रो कर्मचारियों ने घायल को तुरंत हिंदू राव अस्पताल भेज दिया था।
अस्पताल में घायल की पहचान अनिल कुमार (52) के रूप में हुई, जो करावल नगर इलाके के निवासी हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, अनिल कुमार को सिर में चोट आई है, लेकिन वह पूरी तरह होश में हैं और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राथमिक पूछताछ में अनिल कुमार ने बताया कि वह प्लेटफॉर्म के किनारे के ज्यादा करीब चले गए थे और संतुलन बिगड़ने के कारण अचानक ट्रैक पर गिर गए। उन्होंने किसी भी तरह की जानबूझकर छलांग लगाने से इनकार किया है। पुलिस भी फिलहाल इसे हादसा मानकर जांच कर रही है।
वहीं घटना के बाद कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि, मेट्रो प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता के चलते जल्द ही स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया और सेवाएं सामान्य कर दी गईं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) और पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा मानकों का पालन करें और किनारे से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
