नदिया, 20 मार्च (हि. स.)। जिले के कालीगंज में पार्टी कार्यालय में हुई तोड़फोड़ की घटना पर माकपा ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी ने सात सदस्यों को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। जिला सचिव मेघलाल शेख ने शुक्रवार को जारी बयान में इसकी जानकारी दी।

पार्टी की ओर से जिन सदस्यों पर कार्रवाई की गई है, उनमें सईदुल शेख, सेंटू शेख, जहीरुद्दीन अहमद, अजय सरकार, मोदस्सेर मीर, एम. रहमान और हनीफ मोहम्मद शामिल हैं। आरोप है कि प्रथम चरण में उम्मीदवारों की घोषणा के बाद ये सभी पार्टी कार्यालय में घुस आए और कुर्सी-टेबल समेत कई सामानों में तोड़फोड़ की।
इस घटना के बाद पार्टी के अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ गए थे। महज तीन दिनों के भीतर की गई इस सख्त कार्रवाई को ‘अनुशासनहीनता’ पर लगाम लगाने और असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार को वाममोर्चा अध्यक्ष विमान बसु ने 192 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इसी सूची में कालीगंज से दिवंगत बच्ची तमन्ना खातून की मां सबीना यासमिन को उम्मीदवार बनाए जाने से विवाद उत्पन्न हो गया। स्थानीय स्तर पर कुछ कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का विरोध किया, जिसके चलते पार्टी कार्यालय में हंगामा और हाथापाई की स्थिति बन गई।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष कालीगंज उपचुनाव के दौरान बम हमले में नौ वर्षीय तमन्ना खातून की मौत हो गई थी। परिवार माकपा समर्थक बताया जाता है। इस पृष्ठभूमि में सबीना यासमिन को उम्मीदवार बनाए जाने पर विपक्षी दलों ने भी सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि इस घटना को राजनीतिक रूप से भुनाने की कोशिश की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
