केशियाड़ी, 20 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम मेदिनीपुर के केशियाड़ी एसटी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रत्याशी भद्र हेंब्रम आज तड़के ही प्रचार में जुट गए—कृषक परिवारों से मुलाकात करने के साथ-साथ उनके घर जाकर चाय पर चर्चा करते दिखे। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस भी अपने संगठन को और मजबूत करने में लगी हुई है। यहां दोनों दलों के बीच सीधी टक्कर की स्थिति बनती दिख रही है।

भाजपा उम्मीदवार ने गुरुवार को दांतन स्थित कांकड़ाजीत महाप्रभु मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने जयरामपुर काली मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों—रानिसराय, जयरामपुर, पलाशडांगा, मोगलमारी, उत्तर शिमुलिया और जाहेर थान—का दौरा कर आशीर्वाद लिया। साथ ही विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क कर लोगों से समर्थन मांगा।
उधर तृणमूल कांग्रेस ने यहां से रामजीवन मांडी को उम्मीदवार बनाया है। गुरुवार रात केशियाड़ी के एक निजी लॉज में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला परिषद सदस्य और राज्य महिला तृणमूल की सचिव कल्पना शीत भी मौजूद रहीं। बैठक से पहले बस स्टैंड इलाके से एक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। बैठक में संगठन को और मजबूत करने तथा चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।
वहीं, भाजपा प्रत्याशी भद्र हेंब्रम भी तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता थे, लेकिन नेतृत्व से नाराज होकर पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए। उनके अनुसार, क्षेत्र के विकास और आम लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया था।
2021 के विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच रहा था। तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी परेश मुर्मू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा की सोनाली मुर्मू को 15,330 मतों के अंतर से पराजित कर इस क्षेत्र में अपना दबदबा बनाया। इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 1,06,366 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 91,036 वोट प्राप्त हुए थे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केशियाड़ी सीट पर इस बार मुकाबला रोचक हो गया है। एक ओर तृणमूल संगठन की मजबूती और जनसमर्थन का दावा कर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा उम्मीदवार बदलाव और विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में चुनावी नतीजे किसके पक्ष में जाएंगे, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
