—‘‘संविधान संवाद सम्मेलन में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का आरोप , भाजपा सरकार में लगातार संविधान और लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा

वाराणसी, 08 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रविवार को कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर “संविधान संवाद सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जुटे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संविधान, लोकतंत्र और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रभारी उत्तर प्रदेश अविनाश पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार संविधान और लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है,लोगों के मत का अधिकार छीना जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज यह कह पाना बहुत मुश्किल है कि किसका वोट सुरक्षित है और किसका नहीं क्योंकि चुनाव आयोग अपनी निष्पक्षता खो चुका है। तमाम योजनाओं के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। आमजनों के हितों में कोई कार्य नहीं हो रहा है बल्कि भाजपा सरकारें सिर्फ और सिर्फ क्रोनी पूंजीवाद को बढ़ावा दे रही हैं। पाण्डेय ने कहा कि आज देश के संसद में जनता और देश की आवाज उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है जो वर्तमान सत्ता के तानाशाही का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
सम्मेलन में पार्टी के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग अध्यक्ष पवन खेड़ा ने कहा कि आज सुबह बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद स्थानीय लोगों से मिला तो उनका दर्द जानकर लगा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मित्रों के लिए जैसे देश की अस्मिता को दांव पर लगा दिया हो। खेड़ा ने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर भारत के स्वाभिमान और सम्मान का सौदा अमेरिका के साथ ट्रेड डील के नाम पर किया गया है। दरअसल ये ट्रेड नहीं थ्रेड डील किया गया है, अमेरिका अब हमारे ऊपर निगरानी करेगा कि भारत को किस देश से क्या संबंध रखना है जैसे कि हम चोर और वह दरोगा हो गया हो।
राष्ट्रीय प्रवक्ता व सोशल और डिजिटल मीडिया अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि देश का युवा ही देश का भविष्य तय करता है। इसलिए बाँटो और राज करो के नाम पर सत्ता में मौजूद तानाशाह भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट हों और इसे आने वाले 2027 के चुनाव में जड़ से उखाड़ फेंकें। सुप्रिया श्रीनेत ने मणिकर्णिका घाट के पुनर्विकास कार्यो के बहाने कहा कि काशी एक जीती-जागती सभ्यता है। मुझे उस समय सुखद अनुभूति हुई थी, जब 2024 के चुनाव परिणाम सामने आ रहे थे। राउंड-दर-राउंड नरेंद्र मोदी हार रहे थे। इसके लिए मैं काशी की जनता को धन्यवाद देती हूं।
अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूँ और संविधान और लोकतंत्र को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। सांसद मुरादाबाद इमरान मसूद ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को हमारे पुरखों ने अपने संघर्ष और कुर्बानी देकर इसे बनाया है। ऐसी हालात में कांग्रेस गाँव— गिराव से लेकर हर मुद्दे पर लड़ाई लड़ रही है। सांसद इमरान मसूद ने कहा कि प्रधानमंत्री की जान को खतरा संसद के अंदर हो गया, तो उनको सबसे पहले इस्तीफा देना चाहिए। जब आपके हाथों आपकी जान सुरक्षित नहीं, तो देश कैसे सुरक्षित रहेगा?। इमरान मसूद ने चुनौती देते हुए कहा की एक मंच सजाओ जिस पर हम भी रहेंगे तुम भी रहो। हम नेहरू, इंदिरा की उपलब्धियां बताएंगे। तुम क्या बताओगे। तुम्हारे पास तो विरासत भी नहीं है। जब नेहरू ने देश संभाला तो न अनाज था न कपड़ा। उन्होंने देश को आगे बढ़ाया। आज उनके बनाए एयरपोर्ट और कारखाने बेच रहे हो।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को लगातार तार-तार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवाओं, किसानों और मजदूरों के लिए सरकार के पास कोई स्पष्ट विजन नहीं है। उन्होंने वाराणसी में विकास के नाम पर मंदिरों, मूर्तियों और घाटों के विध्वंस का मुद्दा भी उठाया।
सम्मेलन को प्रयागराज सांसद उज्जवल रमण, विधायक बिरेन्द्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह, महिला प्रदेश अध्यक्ष सरला अरहरी, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पाण्डेय सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में वाराणसी जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, अनिल श्रीवास्तव, पूर्व विधायक भगवती चौधरी, राघवेंद्र सिंह, मनीष हिंदवी (वाइस चेयरमैन, मीडिया यूपी कांग्रेस), सरिता पटेल सहित गाजीपुर, चंदौली और मीरजापुर से आए कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
