जलपाईगुड़ी, 2 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मयनागुड़ी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट से नाम हटाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। गुरुवार सुबह डोमोहनी एक और डोमोहनी दो ग्राम पंचायतों के सैकड़ों वोटर मयनागुड़ी से मालबाजार जाने वाले नेशनल हाईवे के अब्दुल मोड़ इलाके में सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दोनों पंचायत क्षेत्रों के हजारों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से अवैध रूप से हटा दिए गए है। अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और नामों को तुरंत फिर से सूची में शामिल करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस सड़क जाम के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही मयनागुड़ी थाना प्रभारी सुबल घोष के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक उनका धरना और सड़क जाम जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
