शहडोल, 04 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की पुलिस एक बार फिर विवादों में है। मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की सीमा पर बरना नदी में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई उस वक्त खूनी मोड़ ले गई, जब रेत से भरा ट्रैक्टर पलटने से 25 वर्षीय चालक सोनू चक्रवाह की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एमपी पुलिस को मौके से खदेड़ दिया और पुलिस वाहन वहीं छूट गया। छत्तीसगढ़ पुलिस ने रेत कार्रवाई के लिए बॉर्डर पार पहुंचे एमपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं शहडोल पुलिस अधीक्षक मंगलवार को दर्शिला चौकी प्रभारी समेत दोनों पुलिसकर्मियों को पहले लाइन अटैच किया और बुधवार को सस्पेंड कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र की चौकी दर्शिला में पदस्थ प्रधान आरक्षक नितिन शुक्ला, राजीव प्रजापति और ग्राम रक्षा समिति के सदस्य मधुर जैसवाल बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी को सूचना दिए छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर बरना नदी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ सीमा में खड़े रेत से भरे ट्रैक्टर को एमपी पुलिस अपने क्षेत्र में ले जाने लगी। इसी दौरान चालक सोनू चक्रवाह ने विरोध किया। आरोप है कि विवाद के बीच मारपीट हुई। चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एमपी पुलिस को खदेड़ा
हादसे के बाद नदी किनारे मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने एमपी पुलिस को खदेड़ दिया। एमपी पुलिसकर्मी वाहन छोड़कर भाग निकले, जबकि ग्राम रक्षा समिति के सदस्य मधुर जैसवाल को ग्रामीणों ने पकड़कर केल्हारी पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी मनीष धुर्वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मर्ग कायम कर जांच जारी है। पूरे घटनाक्रम ने दोनों राज्यों की पुलिस की कार्यप्रणाली और समन्वय पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक्सटॉर्शन का मामला दर्ज
छत्तीसगढ़ पुलिस ने रेत कार्रवाई के लिए बॉर्डर पार पहुंचे एमपी के शहडोल जिले के दर्शिला चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक नितिन शुक्ला व राजीव प्रजापति के खिलाफ एक्सटॉर्शन का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं शहडोल पुलिस अधिकारी ने सख्त कदम उठाते हुए दर्शिला चौकी प्रभारी सहित दोनों पुलिसकर्मियों को पहले लाइन अटैच किया और अब प्रधान आरक्षक नितिन शुक्ला व राजीव प्रजापति को सस्पेंड कर दिया है।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने की ये मांग
गौरतलब है कि पूर्व में भी रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जिले में एक पटवारी और एएसआई की कुचलकर हत्या हो चुकी है। ऐसे में सीमा पार की इस कार्रवाई ने प्रशासनिक सतर्कता और समन्वय पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे मामले में पुलिस महानिरीक्षक शहडोल जोन एन चैत्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरक्षक नितिन शुक्ला व राजीव प्रजापति के खिलाफ एक्सटॉर्शन का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर चौकी प्रभारी को भी लाइन अटैच किया गया है। मधुर जायसवाल नामक व्यक्ति से छत्तीसगढ़ पुलिस पूछताछ कर रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस दोनों की गिरफ्तारी की मांग कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
