वाराणसी, 18 अप्रैल(हि. स.)। वाराणसी कमिश्नरेट में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार की रात नौ बजे के करीब शहर में रात्रि पैदल मार्च कर सुचारू यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त ने ब्रॉडवे होटल से रवीन्द्रपुरी रोड, अस्सी तिराहा, लंका तिराहा, मालवीय चौराहा होते हुए ट्रामा सेंटर तक पैदल गश्त कर यातायात संचालन, सड़क अनुशासन एवं जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस आयुक्त के निरीक्षण के संबंध में बताया गया कि सुचारू यातायात योजना के अंतर्गत शहर के चिन्हित दस प्रमुख मार्गों पर यातायात शाखा से निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को रूट मार्शल नियुक्त किया गया है। जो संबंधित थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी के साथ संयुक्त रूप से मार्गों पर उपस्थित रहकर यातायात को निर्बाध एवं सुचारू बनाए रखने तथा पीक आवर्स में यात्रा समय को न्यूनतम करने का कार्य करेंगे। निरीक्षण के दौरान मार्गों पर पाए गए अतिक्रमण के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए तथा स्पष्ट किया गया कि मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उत्तरदायी होंगे। साथ ही बिना नंबर प्लेट वाहन, रांग साइड चलने, तीन सवारी एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाने, अवैध ऑटो-रिक्शा स्टैंड हटाने, व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने तथा ठेला-खुमचा लगाकर मार्ग बाधित करने वालों पर कठोर कार्रवाई कर यातायात को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बाधारहित बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्र, सहायक पुलिस आयुक्त गौरव कुमार व संबंधित थाना प्रभारी सहित पुलिस बल उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
