नदिया, 14 मार्च (हि.स.)। लंबे समय से प्रतीक्षित ब्लड बैंक का आखिरकार शनिवार को नदिया जिले के शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल में उद्घाटन किया गया। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बने इस ब्लड बैंक के जल्द ही पूरी तरह चालू होने की उम्मीद जताई गई है।

स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि शांतिपुर में ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस संबंध में क्षेत्र के विधायक ब्रजकिशोर गोस्वामी को भी कई बार आवेदन दिए गए थे। विधायक बनने के बाद उन्होंने इस मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया था।
बताया गया कि वर्ष 2021 में विधायक बनने के बाद से ब्रजकिशोर गोस्वामी इस परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए 23 बार स्वास्थ्य भवन गए। विधानसभा के अंतिम सत्र में उन्हें केवल 30 सेकंड का समय मिला था, जिसमें उन्होंने शांतिपुर से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उस समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था।
शनिवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में विधायक ब्रजकिशोर गोस्वामी ने कहा कि ब्लड बैंक बनवाना उनके लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। हाल ही में इस मांग को लेकर शांतिपुर की कई सामाजिक संस्थाओं ने आंदोलन भी किया था और विधायक को ज्ञापन सौंपा था।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, अस्पताल में ब्लड बैंक नहीं होने के कारण मरीजों के परिजनों को एक यूनिट रक्त के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों की जान तक खतरे में पड़ जाती थी।
विधायक ने आश्वासन दिया कि भविष्य में शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल में और भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आपात स्थिति में स्थानीय लोगों को इलाज के लिए कोलकाता न जाना पड़े।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
