नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने झपटमारी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाते हुए एक सक्रिय बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपित की गिरफ्तारी से पांच झपटमारी मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उसके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान बबलू (40) निवासी मदनगीर, दिल्ली के रूप में हुई है। वह लंबे समय से पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर और मयूर विहार इलाके में झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पूर्वी जिला पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती झपटमारी और चोरी की घटनाओं को देखते हुए स्पेशल स्टाफ को सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ का जिम्मा सौंपा गया था। इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों पर नजर रखी।
दो अप्रैल को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने अक्षरधाम फ्लाईओवर के पास नोएडा लिंक रोड पर जाल बिछाकर आरोपित को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए। मौके से एक बाइक जब्त की गई, जबकि उसकी निशानदेही पर एक अन्य बाइक भी बरामद कर ली गई। जांच में बरामद नकदी का संबंध मयूर विहार थाने में दर्ज एक मामले से पाया गया है। आरोपित से पूछताछ में पांडव नगर और मयूर विहार के कुल पांच झपटमारी मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपित पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उससे पूछताछ जारी है और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
